Dhanbad News:- धनबाद जिले के बाघमारा स्थित रामकनाली ओपी क्षेत्र के बट्टू बाबु बंगला के समीप शुक्रवार सुबह भू-धसान की बड़ी घटना सामने आई। अचानक जमीन धंसने से चार से पांच घर जमींदोज हो गए। इस हादसे में कई लोगों के घायल होने की खबर है, जबकि कुछ लोगों के जमींदोज होने की भी आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से तीन लोगों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, स्थानीय प्रयास से मलबे में फंसी 3 गाय और 7 भैंस को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि कुछ लोगों की मौत भी हुई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हो पाई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार हो रहे अवैध कोयला खनन की वजह से यह हादसा हुआ है। उन्होंने बताया कि मुंडा धौड़ा खटाल क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन चल रहा है, जिससे जमीन खोखली हो चुकी है और आए दिन धंसान की घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय लोग हमेशा मौत के साये में जीने को मजबूर हैं।
सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में करने का प्रयास किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने अवैध खनन रोकने और प्रभावित परिवारों को तुरंत मुआवजा देने की मांग की। पुलिस ने लोगों को आश्वासन दिया कि राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है।
इस घटना पर राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन के महामंत्री एके झा ने बीसीसीएल और सीआईएसएफ की घोर लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते अवैध खनन पर रोक लगाई जाती तो आज इतनी बड़ी दुर्घटना नहीं होती। उन्होंने मांग की कि दोषी अधिकारियों और अवैध खनन माफिया पर कड़ी कार्रवाई हो और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता दी जाए।
फिलहाल मौके पर प्रशासन तैनात है और मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी है। इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

