Khunti News:- खूंटी पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। कर्रा थाना क्षेत्र के कुलहुटम जंगल के पास छापेमारी कर पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से दो पिस्तौल, 44 जिंदा कारतूस, छह मैगजीन, 66 हजार 860 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
यह जानकारी बुधवार को एसपी मनीष टोप्पो ने पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर जंगल के समीप अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री करने वाले हैं। इस सूचना के आधार पर तोरपा के एसडीपीओ क्रिस्टोफर केरकेट्टा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जंगल के पास सड़क किनारे से तीन तस्करों—युनूस खान (55), मो. शमीम (38) और इबरार आलम (40)—को धर दबोचा। तलाशी में दो अवैध पिस्तौल, एक अतिरिक्त मैगजीन, 13 जिंदा गोलियां, 14,360 रुपये नकद और मोबाइल फोन मिले। इसके बाद पकड़े गए इबरार आलम की निशानदेही पर रांची के डोरंडा स्थित उसके आवास से दो और पिस्तौल, पांच मैगजीन, 31 गोलियां और 52,500 रुपये नकद बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे हथियार और गोलियां बेचने के लिए खरीदार का इंतजार कर रहे थे। पुलिस अब इनके आपराधिक नेटवर्क और सप्लाई चैन की जानकारी जुटा रही है।
इस अभियान में तोरपा एसडीपीओ क्रिस्टोफर केरकेट्टा के साथ पुलिस अधिकारी अशोक कुमार सिंह, विकास जायसवाल, दीपक कांत कुमार, निशा कुमारी, संदीप मुण्डा समेत कर्रा थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
एसपी मनीष टोप्पो ने बताया कि अवैध हथियारों के धंधे में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने साफ किया कि जिले में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

