Jamshedpur News:- जिले के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छाया नगर में गुरुवार देर रात भीड़ ने चोर समझकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान राहुल भुईंया (ठेला चालक) के रूप में की गई है। घटना गुरुवार रात करीब 1:30 बजे की है, जब राहुल शौच के लिए अपने घर से बाहर निकला था। इसी दौरान पास में रहने वाले शिवम शर्मा और उसके कुछ साथियों ने उसे चोर समझ लिया। बिना कुछ सुने उन्होंने राहुल पर हमला बोल दिया। लोहे की रॉड और डंडों से की गई बर्बर पिटाई में राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राहुल को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, शुक्रवार तड़के करीब चार बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर फैलते ही परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचे और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा करने लगे।
स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए थाना प्रभारी निरंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को शांत कराया। इसी दौरान मुख्य आरोपी शिवम शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपितों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
थाना प्रभारी ने यह भी जानकारी दी कि मृतक राहुल भुईंया का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वह जेल भी जा चुका था। इसके बावजूद घटना को गंभीर मानते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

