Jamshedpur News:- घाघीडीह केंद्रीय कारा में सजा काट रहे कुख्यात गैंगस्टर फहीम खान की तबीयत शुक्रवार को अचानक बिगड़ गई। स्वास्थ्य स्थिति गंभीर होने की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया। सूत्रों के अनुसार, फहीम खान को स्वास्थ्य संबंधी गंभीर शिकायत हुई थी, जिसके बाद डॉक्टरों की सलाह पर उसे अस्पताल लाने का निर्णय लिया गया। अस्पताल पहुंचते ही पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, फहीम खान की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। हालांकि, डॉक्टरों की विशेष टीम लगातार उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अभी तक डॉक्टरों की ओर से उसकी बीमारी को लेकर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
गैंग्स ऑफ वासेपुर फेम कुख्यात अपराधी फहीम खान पर कई संगीन आपराधिक मामलों में दोष सिद्ध हो चुका है और वह घाघीडीह जेल में सजा काट रहा है। अपराध की दुनिया में उसकी गिनती सबसे खतरनाक और चर्चित अपराधियों में होती है। यही वजह है कि अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।
जेल प्रशासन और जिला पुलिस लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। अस्पताल परिसर में चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात हैं। फिलहाल फहीम खान की हालत नियंत्रण में है और इलाज जारी है।
