Munger News:- मुंगेर पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए लखीसराय जिले के कुख्यात टिट्टू धमाका गैंग के तीन सक्रिय अपराधियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए अपराधियों के पास से एक पिस्टल और दो मैगजीन बरामद की गई है। यह गिरफ्तारी रामनगर थाना क्षेत्र के तेलिया तालाब के पास से हुई, जहां पुलिस ने छापेमारी कर तीनों को उस समय पकड़ा जब वे किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे थे। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान मुनचुन धमाका, शिवम् कुमार और मुकुल आनंद के रूप में हुई है।
मुंगेर एसपी ने बताया कि ये तीनों कुख्यात अपराधी गैंग के सदस्य हैं और जिले में हथियार खरीदने आए थे। पुलिस को देखते ही ये भागने लगे, लेकिन जवानों ने उन्हें खेतों में खदेड़कर दबोच लिया।
जांच में पता चला कि तीनों अपराधी टिट्टू धमाका गैंग से जुड़े हैं। गैंग का सरगना भले ही फिलहाल जेल में बंद है, लेकिन उसके गुर्गे लगातार दहशत फैलाने और आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने में सक्रिय हैं। पुलिस के अनुसार, इन पर पहले से ही हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं।
पुलिस का मानना है कि इनकी गिरफ्तारी से लखीसराय और मुंगेर जिले में अपराध पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी। एसपी ने बताया कि अपराधियों की पूरी सिंडिकेट नेटवर्क को पकड़ने की तैयारी की जा रही है।
इस सफल छापेमारी में शामिल पुलिस टीम और जिला आसूचना इकाई के जवानों को सम्मानित करने की घोषणा भी की गई है।

