Giridih News:- झारखंड में दो मंत्रियों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले युवक को पुलिस ने दबोच लिया है। नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को धमकी देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गिरिडीह पुलिस हरकत में आई और विशेष टीम बनाकर आरोपी को बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया।
इस संबंध में गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. बिमल कुमार ने गुरुवार को प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बुधवार को गिरिडीह के बाभनटोली-राजेंद्र नगर का रहने वाला युवक अंकित कुमार मिश्रा का वीडियो सामने आया था। वीडियो में युवक ने दोनों मंत्रियों को बम से उड़ाने की धमकी दी थी। मामला सामने आते ही पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया और तुरंत विशेष टीम का गठन किया।
टीम में सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, साइबर डीएसपी आबिद खान, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन और साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत को शामिल किया गया। तकनीकी जांच में युवक का लोकेशन बिहार मिला। इसके बाद साइबर डीएसपी, थानेदार और टेक्निकल टीम पटना पहुंची और देर शाम आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक का किसी बड़े आपराधिक गिरोह से संबंध प्रतीत नहीं होता है। हालांकि, नगर थाना क्षेत्र में उसके खिलाफ पूर्व में मारपीट का एक मामला दर्ज है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और धमकी के पीछे की मंशा का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के मामलों को पुलिस बेहद गंभीरता से ले रही है, क्योंकि सोशल मीडिया के माध्यम से फैलाई गई धमकी से समाज और नेताओं दोनों की सुरक्षा पर खतरा मंडराने लगता है। जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।

