Giridih News:- गिरिडीह से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर दो मंत्रियों को बम से उड़ाने की धमकी दी है। धमकी मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। वीडियो में युवक खुद को गिरिडीह निवासी अंकित कुमार मिश्रा बताते हुए कह रहा है कि वह 24 घंटे के भीतर मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को बम से उड़ाएगा। वीडियो में युवक ने दावा किया कि गिरिडीह में कुछ लोगों ने उसे धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया और जमीन विवाद को लेकर उसके साथ मारपीट की। उसके अनुसार, 20-25 लोग उसके घर आए और उसके मुंह में पिस्तौल डालकर जान से मारने की धमकी दी।
युवक ने वीडियो में कहा कि यदि उन लोगों ने उससे माफी नहीं मांगी तो वह “कांड” कर देगा। उसने यह भी दावा किया कि उसकी पहचान बड़े गैंगस्टरों से है। युवक बार-बार यह कहता नजर आता है कि दोनों मंत्रियों को उड़ा देने के बाद ही वह चैन की सांस लेगा। वीडियो में बिहार के जमुई और एनडीए सम्मेलन का भी जिक्र किया गया है।
पुलिस ने इस वीडियो को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। मुफस्सिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो ने बताया कि युवक की लोकेशन बिहार की बताई जा रही है और उसकी तलाश तेज कर दी गई है। फिलहाल वीडियो की सत्यता की जांच भी की जा रही है।
इस बीच, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कोडरमा में इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें शुभचिंतकों से धमकी वाले वीडियो की जानकारी मिली है, लेकिन उन्होंने इसे लेकर अनभिज्ञता जाहिर की। मंत्री ने कहा कि यह वीडियो फेक भी हो सकता है या एआई तकनीक से तैयार किया गया हो, जिसकी जांच पुलिस कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि पुलिस जल्द ही सच्चाई सामने लाएगी।
यह मामला न केवल राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा रहा है बल्कि आम जनता के बीच भी दहशत का माहौल बना रहा है।

