News Delhi :- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हाल ही में हुए हमले के बाद केंद्र सरकार ने उनकी सुरक्षा को और सख्त कर दिया है। अब उन्हें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की Z श्रेणी सुरक्षा प्रदान की गई है। इसके तहत सीएम की सुरक्षा में अब दिल्ली पुलिस के साथ-साथ सीआरपीएफ के प्रशिक्षित जवान भी तैनात रहेंगे।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों ने यह कदम सीएम पर बढ़ते खतरे के आकलन के बाद उठाया है। दिल्ली पुलिस पहले से उनकी सुरक्षा में थी, लेकिन अब यह व्यवस्था और भी मजबूत कर दी गई है।
इसी बीच दिल्ली के सातों भाजपा सांसद – रामवीर सिंह बिधूड़ी, बांसुरी स्वराज, हर्ष मल्होत्रा, मनोज तिवारी, प्रवीण खंडेलवाल, कमलजीत सहरावत और योगेंद्र चंदेलिया – मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के आवास पर पहुंचे और उनका हालचाल जाना। सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने एक एक्स पोस्ट में जानकारी साझा करते हुए बताया कि सीएम गुप्ता ने पिछले छह महीनों में विकास के कई बड़े कार्य किए हैं। उनके काम करने का अंदाज जनता के बीच लोकप्रिय हुआ है, लेकिन कुछ तत्वों को यह स्वीकार्य नहीं है।
सांसदों ने कहा कि रेखा गुप्ता जनता की समस्याओं को सीधे सुनने और उनके समाधान के लिए जमीन पर उतरकर काम करती हैं। इसी कारण लोग उन्हें “विकास की देवी” के रूप में देखने लगे हैं। उन्होंने सीएम के बुलंद हौसले और विकास की राह पर उनके अडिग इरादे की सराहना की।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सांसदों से मुलाकात के दौरान कहा कि ऐसे हमले उनके विश्वास और दिल्ली के विकास के प्रति जुनून को कमजोर नहीं कर सकते। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि वह शीघ्र ही स्वास्थ्य लाभ के बाद पहले की तरह उनके बीच काम करती रहेंगी।
इधर, मुख्यमंत्री पर हमले के आरोपी राजेश भाई खिमजी भाई सकरिया को बुधवार रात तीस हजारी कोर्ट ने पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

