Giridih News:- झारखंड के गिरिडीह जिले के धरमपुर गांव का बेटा और सीआईएसएफ का जवान संजय मुर्मू जम्मू-कश्मीर में ड्यूटी के दौरान शहीद हो गया। जानकारी के अनुसार किश्तवाड़ जिले में ड्यूटी के दौरान अचानक बादल फटने की घटना घटी, जिसकी चपेट में आने से जवान की मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही धरमपुर गांव में मातम पसर गया है। परिजनों और ग्रामीणों को जैसे ही संजय मुर्मू के शहीद होने की जानकारी मिली, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। हर कोई इस जवान की शहादत पर गर्व महसूस कर रहा है, लेकिन आंखें नम हैं।
सूत्रों ने बताया कि शहीद जवान का पार्थिव शरीर श्रीनगर से गिरिडीह लाया जा रहा है। जिले में प्रशासन और ग्रामीण मिलकर अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटे हैं। वहीं, स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उनके अंतिम दर्शन के लिए इंतजार कर रहे हैं।
संजय मुर्मू की शहादत ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि झारखंड के बेटे देश की सेवा में हमेशा अग्रसर रहते हैं और हर मुश्किल घड़ी में देश की रक्षा के लिए बलिदान देने से पीछे नहीं हटते।

