Koderma News:- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बागीटांड स्टेडियम में भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जहां उपायुक्त ऋतुराज ने परेड निरीक्षण और ध्वजारोहण किया। उन्होंने जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कोडरमा की प्रमुख उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी साझा की। स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार को लेकर उन्होंने बताया कि सदर अस्पताल समेत सभी स्वास्थ्य केंद्रों में OPD व IPD सेवाएं सुलभ हैं। आयुष्मान भारत योजना में कोडरमा राज्य में दूसरे स्थान पर है। जिले में 45 पैरामेडिकल स्टाफ और 14 विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है, जिससे सितंबर से न्यूरो, कैंसर, नेत्र, आर्थो, मनोचिकित्सा और प्लास्टिक सर्जरी की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
शिक्षा क्षेत्र में, Project RAIL, Project IMPACT और “सम्पूर्ण शिक्षा कवच” जैसे कार्यक्रमों से इस वर्ष 10वीं में कोडरमा राज्य में प्रथम स्थान पर रहा। JEE Mains में 3 और JEE Advance में 11 छात्रों ने सफलता पाई। साथ ही, NIELIT के तहत 200 बच्चों को नि:शुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
राजस्व मामलों में 94% निष्पादन दर के साथ कोडरमा राज्य में दूसरे स्थान पर है। जनता की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए MEETA Portal पर 1,344 आवेदन में से 54% मामलों का निपटारा किया गया।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए तिलैया डैम और उरवों में वॉटर पार्क, वॉकिंग ज़ोन और एडवेंचर स्पोर्ट्स की सुविधाएं विकसित की गई हैं, साथ ही स्पीड बोट और फ्लोटिंग रेस्टोरेंट का संचालन शुरू हो चुका है।
समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों के परिजनों और झारखंड आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य और आंगनबाड़ी कर्मियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में पुलिस बल, एनसीसी, सैनिक स्कूल और कई विद्यालयों ने परेड और बैंड प्रस्तुति दी। समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया।


