Koderma News:- डोमचांच में रविवार को युवा शक्ति – एक नई सोच की ओर से शहीदों की स्मृति में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक यात्रा में लगभग 30 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं सहित 3 हजार से अधिक लोग शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत डीएवी पब्लिक स्कूल के बच्चों द्वारा देशभक्ति पर आधारित एक मनमोहक प्रस्तुति से हुई। इसके बाद तिरंगा यात्रा सीएम हाई स्कूल डोमचांच से शुरू होकर कोडरमा-गिरिडीह रोड, टैक्सी स्टैंड, महेशपुर, कालीमंडा, ढाब रोड होते हुए डोमचांच शहीद स्मारक पहुंची। वहां उपस्थित जनसमूह ने शहीदों को नमन किया और “वीर शहीद अमर रहें” के नारों से माहौल गूंजा। यात्रा पुनः सीएम हाई स्कूल मैदान में समाप्त हुई।
करीब 3 किलोमीटर लंबी इस यात्रा में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने फूल बरसाकर और जयघोष करते हुए प्रतिभागियों का स्वागत किया। यात्रा की शुरुआत राष्ट्रीय गान से हुई, जिससे पूरे माहौल में भावनात्मक और देशभक्ति का रंग भर गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक डॉ. नीरा यादव, जिला परिषद अध्यक्ष रामधन यादव, प्रमुख डॉ. सत्यनारायण यादव, समाजसेवी मयंक यादव, निवर्तमान नगर उपाध्यक्ष पप्पू मेहता, समाजसेवी महेंद्र वर्मा, सुनील सिन्हा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सुरक्षा और व्यवस्था के लिए एसडीपीओ अनिल कुमार और थाना प्रभारी ओम प्रकाश अपने दल-बल के साथ लगातार मुस्तैद रहे तथा जगह-जगह ट्रैफिक को नियंत्रित करते रहे।
यात्रा को सफल बनाने में युवा शक्ति अध्यक्ष मिथलेश यादव, सचिव सुजीत कुमार, प्रेमांशु कुमार, नितेश कुमार, प्रदीप सिंह, रमेश सिंह, अमरदीप कुमार, संजय मेहता, प्रिंस सिंह, रामपुकार, दिलीप कुमार यादव और संतोष कुमार सहित पूरी टीम सक्रिय रही।
गौरतलब है कि 9 अगस्त 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान डोमचांच के वीर सपूत — नुनमन धोबी, चूरामन मोदी, उदित नारायण मेहता और मगर साव ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष करते हुए बलिदान दिया था। उनकी स्मृति में हर वर्ष यह तिरंगा यात्रा निकालकर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाती है, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके बलिदान को याद रख सकें।

