Devgarh News:- सावन के पावन महीने में बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं का सैलाब थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब तक 53 लाख 91 हजार 871 से अधिक श्रद्धालु बाबा पर जलार्पण कर चुके हैं। शुक्रवार सुबह 4:09 बजे मंदिर के पट खुलते ही जलार्पण की प्रक्रिया शुरू हो गई। देश-विदेश से आए कांवड़िए ‘बोल बम’ के जयकारे लगाते हुए बाबा का जलाभिषेक कर रहे हैं। श्रद्धालु सुल्तानगंज से 105 किलोमीटर की कठिन पदयात्रा कर देवघर पहुंचते हैं और बाबा बैद्यनाथ को गंगाजल चढ़ाते हैं। भीड़ को सुव्यवस्थित ढंग से नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन ने बीएड कॉलेज, तिवारी चौक, शिवराम झा चौक, नेहरू पार्क और क्यू कॉम्प्लेक्स जैसे रूटों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की है।
उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा और एसपी अजित पीटर डुंगडुंग लगातार मंदिर परिसर और रूट लाइन की निगरानी कर रहे हैं। मेला और मंदिर क्षेत्र में कुल 9650 पुलिसकर्मियों और 564 दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा सीआरपीएफ की चार कंपनियां, दो एसपी रैंक अधिकारी और एनडीआरएफ की टीम भी तैनात है।
श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए 101 स्थानों पर आवासन की व्यवस्था की गई है। चिकित्सा सुविधा हेतु 81 डॉक्टर और 449 पैरामेडिकल स्टाफ के साथ 50 एम्बुलेंस तैनात किए गए हैं।
अब तक बाबा मंदिर को 7 करोड़ 36 लाख 44 हजार 295 रुपये की आय हो चुकी है। सुरक्षा और निगरानी के लिए 765 सीसीटीवी कैमरे, 200 एआई कैमरे और 10 ड्रोन कैमरे सक्रिय हैं। डिजिटल सुविधा के तहत ऑनलाइन शिकायत चैटबॉट और क्यूआर कोड से प्राप्त 782 शिकायतों का निस्तारण किया गया है।

