Jamshedpur News:- पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार को तेज बारिश के दौरान दो किसानों की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा डोमजुड़ी और साकरा पंचायतों में हुआ, जब दोनों किसान खेतों में धान की रोपाई में जुटे हुए थे। मृतकों की पहचान नेकड़ाडीहा गांव निवासी 55 वर्षीय कमल घोष और गोला पड़ाशिया गांव की 45 वर्षीय विधवा महिला गुनी मुंडा के रूप में की गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह मौसम सामान्य था, लेकिन दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान खेत में काम कर रहे दोनों किसान आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए और वहीं अचेत होकर गिर पड़े।
पास के खेतों में मौजूद अन्य किसानों ने शोर मचाया और तत्काल परिजनों को सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से दोनों को बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर बहरागोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
कमल घोष अपने पीछे पत्नी और एक बेटा छोड़ गए हैं। वहीं गुनी मुंडा पहले से ही विधवा थीं और उनके निधन से उनका परिवार पूरी तरह से टूट गया है। इस दुखद घटना से दोनों गांवों में शोक की लहर है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को शीघ्र आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
इस खबर को भी पढ़ें : शिबू सोरेन स्मृति शेष: आम जनमानस ने दिया था शिबू सोरेन को ‘दिशोम गुरू’ का दर्जा
इस खबर को भी पढ़ें : लालू यादव ने शिबू सोरेन को दी श्रद्धांजलि,कहा शिबू सोरेन पूरे देश के दलित व आदिवासी समुदाय का बड़ा चेहरा थे

