East Champaran News:- पूर्वी चंपारण जिले की हरैया थाना पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय कुख्यात स्मैक तस्कर सईदा खातून को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। सईदा पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह वर्ष 2024 से फरार चल रही थी। हरैया थाना क्षेत्र के बड़ा परेऊवा वार्ड संख्या-1 निवासी सईदा खातून, अपने पति नईम मियां के साथ मिलकर सीमावर्ती क्षेत्रों में स्मैक तस्करी का बड़ा नेटवर्क चला रही थी। पुलिस के अनुसार, सईदा न सिर्फ तस्करी में शामिल थी, बल्कि वह नेपाल सीमा के आसपास स्मैक आपूर्ति की एक बड़ी कड़ी भी थी। महिला होने के बावजूद वह सक्रिय रूप से पूरे नेटवर्क को संचालित करती थी।
थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि सईदा पर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं और वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से दूर थी। लेकिन एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर चलाए जा रहे मादक पदार्थ विरोधी विशेष अभियान के तहत पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए उसे रक्सौल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सईदा की गिरफ्तारी से सीमावर्ती इलाके में सक्रिय नशे के नेटवर्क पर करारा प्रहार हुआ है। साथ ही इससे जुड़े अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी भी जल्द हो सकती है।
बताया जा रहा है कि पुलिस अब सईदा के संपर्क में रहे लोगों और उसके तस्करी सिंडिकेट की पूरी जानकारी खंगाल रही है। पूरे गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। इस अभियान के तहत अब तक 200 से अधिक तस्करों की गिरफ्तारी हो चुकी है और कई आरोपी इलाके छोड़कर फरार हैं।

