Devgarh News:- झारखंड के देवघर जिले के मोहनपुर प्रखंड अंतर्गत जमुनिया चौक के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। कांवड़ियों से भरी बस और गैस सिलेंडर लदे ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 23 अन्य घायल हो गए, जिनमें आठ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सावन में बाबा की नगरी में पसरा मातम
श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम से दर्शन कर बासुकिनाथ धाम की ओर जा रहे थे कि सुबह करीब 5:30 बजे बस के चालक को झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस कुछ दूरी तक घिसटती हुई ईंटों के ढेर से जा टकराई।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों में
सुभाष तुरी (40) – बस चालक, चकरमा गांव, मोहनपुर, देवघरदु,र्गावती देवी (45) – मतराजी गांव, पश्चिम चंपारण, बिहार,सुमन कुमारी (30) – सनोरा गांव, गया, बिहार, समदा देवी (40) – तरेगना गांव, पटना, बिहार, पीयूष कुमार उर्फ शिवराज (15) – महनार, वैशाली, बिहार, देवकी प्रसाद – तरेगना, पटना (एम्स ले जाते समय मृत्यु)
प्रशासन और चिकित्सा व्यवस्था अलर्ट
देवघर एसपी अजीत पीटर डुंगडुंग और एसडीओ रवि कुमार मौके पर पहुंचे और घायलों को देवघर सदर अस्पताल एवं गंभीर घायलों को एम्स भेजा गया। जिला प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य तेज़ी से किया गया।
राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने जताया शोक
राज्यपाल संतोष गंगवार ने घटना पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी एक्स (ट्विटर) पर दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन को त्वरित राहत और चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
विपक्ष ने मृतकों की संख्या 18 बताई
हालांकि, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने 18 श्रद्धालुओं की मौत का दावा किया है। दोनों नेताओं ने हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए सरकार से घायलों के समुचित इलाज की मांग की और श्रद्धालुओं के परिजनों के लिए मुआवजे की मांग उठाई।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर उठे सवाल
हर साल सावन में लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ की यात्रा करते हैं, लेकिन इस हादसे ने यात्रा की व्यवस्थाओं और सुरक्षा प्रबंधों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन को और सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।

