Koderma News:- कोडरमा जिले में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब हजारीबाग से कोडरमा की ओर आ रही एक मिनी यात्री बस (राज नंदनी बस, संख्या JH 02 F 9649) अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा चंदवारा थाना क्षेत्र के जामुखाडी के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस का टायर अचानक फट गया, जिसके चलते चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बस में करीब 20 से अधिक यात्री सवार थे। हादसे में कई लोग घायल हो गए, जिनमें शबाना खातून, रवि पासवान और दुर्गेश्वरी पासवान की पहचान की गई है। एक यात्री की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया।
हादसे के तुरंत बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए यात्रियों को बस से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसआई मेघनाथ दुबे और एएसआई दिलीप मंडल दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस से सदर अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटाकर थाने में जमा कर दिया गया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है। स्थानीय लोगों की तत्परता से समय पर राहत कार्य संभव हो सका और एक बड़ा हादसा और गंभीर रूप नहीं ले सका।

