Dhanbad News:- झारखंड के धनबाद जिले के बाघमारा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) की ब्लॉक दो स्थित जमुनिया शिव मंदिर के पास एक बंद खदान में अवैध कोयला खनन के दौरान चाल धंसने से छह से अधिक मजदूरों की मौत और एक दर्जन से अधिक मजदूरों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दो दर्जन मजदूर बंद पड़ी खदान में अवैध रूप से कोयला निकाल रहे थे। खनन के दौरान एक कोयले के पिलर को काटते ही उसके पीछे जमा पानी तेजी से खदान में फैल गया और देखते ही देखते खदान का एक बड़ा हिस्सा धंस गया। मजदूर जान बचाने के लिए बाहर भागने लगे, लेकिन कई मजदूर मलबे में दब गए।
पूर्व मंत्री और वर्तमान विधायक सरयू राय ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि इस हादसे में कम से कम नौ मजदूरों की मौत हो चुकी है और उन्होंने धनबाद एसएसपी को सूचना दे दी है। सरयू राय ने यह भी आरोप लगाया कि चुनचुन नामक खनन माफिया के संरक्षण में अवैध खनन हो रहा था और अब माफिया मृतकों के शवों को गायब करने की कोशिश में जुटा है।
घटना के बाद स्थानीय कोयला माफिया सक्रिय हो गए हैं और खदान को छिपाने के लिए तेजी से भराई का काम शुरू कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर किसी को जाने नहीं दिया जा रहा है।
हैरानी की बात यह है कि घटना के कई घंटे बाद भी न पुलिस और न ही BCCL प्रबंधन ने कोई आधिकारिक बयान जारी किया है, जिससे इलाके में रोष और चिंता दोनों बढ़ते जा रहे हैं। प्रशासन की चुप्पी से अवैध खनन के संरक्षण की आशंका और गहरी हो गई है।

