Dumka News:- जिला के हंसडीहा थाना क्षेत्र स्थित शीतला मंदिर रोड पर सोमवार की रात करीब 1 बजे हथियारबंद अपराधियों ने एक ज्वेलर्स व्यवसायी के घर धावा बोल दिया। इस दौरान अपराधियों ने पूरे परिवार को बंधक बनाकर करीब सात लाख रुपये के जेवरात और नगदी लूट लिए। पीड़ित व्यवसायी संजीत कुमार ने बताया कि अपराधी रात के अंधेरे में उनके घर में घुसे और सभी सदस्यों को हथियार के बल पर अपने कब्जे में लेकर लूटपाट शुरू कर दी। संजीत कुमार के अनुसार, अपराधियों की संख्या लगभग 9 थी और सभी मास्क पहने हुए थे। लूट के दौरान बदमाशों ने उनके साथ मारपीट भी की।
घटना के तुरंत बाद अपराधी पैदल ही गोड्डा रोड की ओर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही हंसडीहा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
संजीत कुमार की ज्वेलरी की दुकान हंसडीहा के हटिया गली में ‘संतोषी ज्वेलर्स’ के नाम से संचालित होती है। उन्होंने बताया कि दुकान की छत खपरैल की होने के कारण वे रोजाना रात में सभी कीमती जेवरात अपने घर ले जाया करते थे। आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों को इसकी पहले से जानकारी थी और उन्होंने पूरी योजना बनाकर इस घटना को अंजाम दिया।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर खौफ और आक्रोश का माहौल है। व्यवसायियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और छापेमारी अभियान तेज कर दिया गया है।

