Devgarh News:- सावन महीने की शुरुआत के साथ ही देवघर स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। शुक्रवार तड़के 04:22 बजे मंदिर का पट खुलते ही जलार्पण की प्रक्रिया आरंभ हो गई, जिसमें देश-विदेश से आए श्रद्धालु बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
बाबा बैद्यनाथ की नगरी में हर ओर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष गूंज रहे हैं। रूट लाइन में कांवरियों की लंबी कतारें देखी जा सकती हैं, जहां सभी श्रद्धालु अनुशासन के साथ जल चढ़ाने की प्रतीक्षा में खड़े हैं। भीड़ को संभालने के लिए जिला प्रशासन और मंदिर समिति द्वारा विशेष इंतजाम किए गए हैं, जिसमें सुरक्षा से लेकर पेयजल और प्राथमिक उपचार तक की व्यवस्था शामिल है।
विशेष रूप से यह उल्लेखनीय है कि 10 जुलाई से शुरू हुए जलार्पण के इस विशेष अवधि में अब तक कुल 9 लाख 42 हजार 614 कांवरियों ने बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया है। यह आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है और हर दिन श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा हो रहा है।
श्रद्धालु झारखंड के अलावा बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा सहित देश के अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में यहां पहुंच रहे हैं। कई श्रद्धालु तो नेपाल व अन्य देशों से भी बाबा के दर्शन और जलार्पण के लिए देवघर पहुंचे हैं।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे धैर्य और अनुशासन के साथ अपनी बारी का इंतजार करें और प्रशासन द्वारा बनाए गए मार्गों का ही उपयोग करें। बाबा धाम परिसर में पूरी तरह भक्तिमय माहौल बना हुआ है।

