Koderma News:- प्रखंड के लरियाडीह गांव में संचालित आरवीपी निजी स्कूल की बड़ी लापरवाही से बड़ा हादसा हो गया। आर वी पी नामक अवैध रूप से संचालित निजी विद्यालय में सोमवार को निर्माणाधीन भवन पर काम कर रहे मजदूर सहित उपर रखे इट के साथ एस्बेस्टस अचानक गिर पड़ा, जिससे परीक्षा दे रहे आधा दर्जन से अधिक बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल कोडरमा में भर्ती कराया गया, जहां इलाज जारी है। घटना में घायल होने वाले बच्चों में कृष्णा कुमार, रोशन कुमार, शहजाद अंसारी, शाहिद अंसारी, फिरोज आलम, दीपक सिंह और आरुषी कुमारी समेत अन्य शामिल हैं। कई बच्चों के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और कुछ के माथे तक फट गए।
निर्माणाधीन कमरे में चल रही थी परीक्षा, ऊपर चल रहा था निर्माण काम
जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब विद्यालय में परीक्षा चल रही थी और छात्र-छात्राएं नीचे बैठे थे। वहीं, उसी समय निर्माणाधीन एस्बेस्टस की छत पर एक मिस्त्री और दो लेबर काम कर रहे थे। अचानक एक मिस्त्री का पैर फिसला, जिससे कमजोर एस्बेस्टस टूट गया और ऊपर से मिस्त्री के साथ-साथ ईंट और अन्य निर्माण सामग्री नीचे बच्चों के ऊपर आ गिरी। हादसे में परीक्षा हॉल की पहली बेंच पर बैठे कई बच्चे बुरी तरह जख्मी हो गए।

