Jamshedpur News:- सावन के पावन महीने में दलमा शिव मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। झारखंड सरकार ने बुधवार को बड़ा फैसला लेते हुए मंदिर में प्रवेश पर लगने वाला शुल्क पूरी तरह से खत्म कर दिया है। अब भक्त निःशुल्क भगवान शिव के दर्शन कर सकेंगे।
राज्य सरकार के इस निर्णय के बाद उन हिंदू संगठनों और भाजपा नेताओं के आंदोलन पर भी विराम लगने की उम्मीद है, जो मंदिर में लगने वाले प्रवेश शुल्क को लेकर विरोध कर रहे थे।
इस संबंध में वन विभाग के डीएफओ शब्बा आलम ने जानकारी दी कि सरकार की ओर से स्पष्ट निर्देश प्राप्त हुए हैं कि दलमा वन आश्रयणी क्षेत्र के रास्ते से भगवान शिव के दर्शन के लिए आने वाले किसी भी श्रद्धालु से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। चाहे भक्त पैदल आएं या वाहन से, अब किसी भी रूप में शुल्क नहीं लगेगा।
उन्होंने कहा कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। राज्य सरकार ने भक्तों की भावनाओं और श्रद्धा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है।
गौरतलब है कि सावन के पहले सोमवार से ही दलमा मंदिर में प्रवेश शुल्क वसूली का विरोध शुरू हो गया था। भाजपा और हिंदू संगठनों ने इसे आस्था पर कर बताते हुए ‘जजिया कर’ की संज्ञा दी थी और सरकार से इसे वापस लेने की मांग की थी।
अब सरकार के इस फैसले से श्रद्धालुओं में प्रसन्नता का माहौल है। वन विभाग ने भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की बात कही है और किसी भी तरह की अफवाहों से बचने की अपील की है।

