Jamshedpur News:- उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर 5 स्थित जेपी स्कूल के पास पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान कालिकानगर शिव मंदिर के पास रहने वाले नवीन ठाकुर के रूप में हुई है।
शनिवार देर रात गुप्त सूचना पर पुलिस टीम ने क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान नवीन ठाकुर को पकड़ा गया, जिसके पास से 8 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, यह ब्राउन शुगर बिक्री के उद्देश्य से लाई गई थी।
इस कार्रवाई के दौरान दो अन्य आरोपी कुंदन पोलिया और बाला मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों की पहचान कर ली है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि नशा कारोबार को खत्म करने के लिए अभियान और तेज किया जाएगा।
उलीडीह थाना के सब-इंस्पेक्टर विवेक पाल के बयान पर मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि कुछ समय से सूचना मिल रही थी कि शंकोसाई क्षेत्र में नशे का कारोबार चल रहा है। इसी को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम बनाई गई और छापेमारी की गई, जिसमें एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा सका।
थाना प्रभारी ने कहा कि मादक पदार्थों का सेवन युवाओं को बर्बादी की राह पर ले जा रहा है। ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर उनके आस-पास इस तरह की गतिविधियां चल रही हों, तो वे तुरंत सूचना दें।

