Jamshedpur News:- झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बिरसानगर थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ। आकाशीय बिजली गिरने से 22 वर्षीय युवक नीतीश कुमार सिंह की मौत हो गई। नीतीश अपनी नानी के श्राद्ध कर्म में शामिल होने के लिए बिहार से जमशेदपुर आया था।
घटना टीचर्स कॉलोनी के पास रमणी फ्लैट की है, जहां नीतीश अपनी मौसी के घर ठहरा हुआ था। जानकारी के अनुसार, वह बिहार के भोजपुर जिले का निवासी था और वर्तमान में नासिक में रहकर पढ़ाई कर रहा था। रविवार को नानी का श्राद्ध कर्म संपन्न हुआ था, जिसके बाद सोमवार की शाम वह फ्लैट की छत पर टहल रहा था।
इसी दौरान तेज गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरी और वह उसकी चपेट में आ गया। हादसे के तुरंत बाद परिजन उसे गंभीर हालत में टाटा मुख्य अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इस अचानक हुई त्रासदी से परिवार में मातम छा गया है। मृतक का शव पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है।

