Ramgarh News;- रामगढ़ थाना क्षेत्र के रांची रोड स्थित इंदिरा कॉलोनी में बीते बुधवार को आत्महत्या करने वाली शिक्षिका सोनाली सिंह के मामले में पुलिस महकमे में पहली बड़ी कार्रवाई हुई है। बोकारो के आईजी क्रांति कुमार गड़िदेशी ने शुक्रवार को रामगढ़ पहुंचकर मामले की समीक्षा की और जांच में लापरवाही बरतने पर सब इंस्पेक्टर (SI) ओंकार पाल को निलंबित कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। आईजी ने बताया कि सोनाली ने उस वक्त आत्महत्या की जब घर में कोई नहीं था। उसके माता-पिता बाजार गए थे और इसी दौरान उसने पंखे से लटककर जान दे दी। पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिस पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। परिजनों के अनुसार, सोनाली पढ़ाई में होशियार और समझदार थी। उसने बीएसई से जियोलॉजी ऑनर्स किया था और फिर बीएड करने के बाद सेंट एंस स्कूल रामगढ़ में साइंस टीचर के रूप में कार्यरत थी।
परिवार ने बताया कि मुहल्ले का युवक सौरभ सिंह लंबे समय से सोनाली को ब्लैकमेल कर रहा था। इसकी शिकायत महिला थाना में की गई थी, लेकिन पुलिस ने सिर्फ दोनों से बॉन्ड भरवाकर मामला रफा-दफा कर दिया। गौरतलब है कि दिसंबर 2024 में सौरभ ने भी आत्महत्या की थी। इसके बाद सौरभ के परिवार ने सोनाली पर केस दर्ज कराया, जिसकी वजह से सोनाली को बार-बार थाने बुलाया जा रहा था। इसी मानसिक दबाव में आकर सोनाली ने आत्महत्या जैसा कठोर कदम उठा लिया। अब IG स्तर से मामले की दोबारा जांच की जा रही है और पुलिसिया लापरवाही की परतें खुलने लगी हैं।

