Ramgarh News : झारखंड के रामगढ़ जिले में पिछले 36 घंटों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग ने जिले में अगले 72 घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश के चलते जिले की प्रमुख नदियाँ दामोदर और भैरवी उफान पर हैं। दोनों नदियों में जलस्तर इतना बढ़ गया है कि रजरप्पा क्षेत्र में उनका संगम बन गया है।
रजरप्पा के प्रसिद्ध मां छिन्नमस्तिका मंदिर परिसर के पास कई दुकानों में पानी घुस गया है। तांत्रिक घाट तक दामोदर नदी का पानी पहुंच चुका है, जिससे वहां मौजूद दुकानदारों को अपना सामान हटाना पड़ा। जलस्तर बढ़ने के कारण खतरे की आशंका बढ़ गई है।
रामगढ़ जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी हाल में नदियों के नजदीक न जाएं। विशेषकर रजरप्पा आने वाले श्रद्धालुओं को चेतावनी दी गई है कि वे फोटो खींचने या नहाने के उद्देश्य से नदी की तरफ न बढ़ें।
मां छिन्नमस्तिका मंदिर न्यास समिति ने श्रद्धालुओं से विशेष अपील की है कि वे नदी के पास जाने से बचें। समिति के सदस्यों ने बताया कि कुछ लोग भैरवी नदी पर बने पुल पर बहते पानी में खतरनाक तरीके से सेल्फी लेने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें तुरंत रोका गया।
हर साल बारिश के मौसम में ऐसे कई हादसे हो जाते हैं, जब श्रद्धालु नहाने या फोटो खींचने के दौरान फिसलकर नदी में गिर जाते हैं। इस बार जिला प्रशासन और मंदिर समिति दोनों ने विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।


