Garhwa News:- जिले के रंका थाना क्षेत्र अंतर्गत बहोकुदर गांव में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पत्नी द्वारा पति की हत्या का मामला अब तूल पकड़ रहा है। मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है कि यह एक सोची-समझी साजिश थी, जिसमें पत्नी ने पहले समोसे में जहर मिलाकर अपने पति की जान ले ली।
पुलिस के अनुसार, मृतक बुधनाथ सिंह (22 वर्ष) की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई थी। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ कि बुधनाथ को उसकी पत्नी ने पहले समोसा खिलाया था, जिसमें जहर मिलाया गया था। जब पति ने समोसे के टूटे होने पर सवाल किया तो पत्नी ने जवाब दिया कि झोले में लाते वक्त समोसा टूट गया था। पत्नी की बातों में आकर बुधनाथ ने वह समोसा खा लिया।
इसके कुछ घंटे बाद पत्नी ने चिकन भी बनाकर खिलाया, जिससे बुधनाथ के पेट में तेज़ दर्द शुरू हो गया और उसकी हालत बिगड़ती चली गई। बाद में उसकी मौत हो गई। मुख्यालय डीएसपी यशोधरा ने बताया कि यह हत्या कोई अचानक लिया गया फैसला नहीं था, बल्कि एक प्री-प्लान साजिश थी, जिसे पत्नी ने कई बार सोच-समझकर अंजाम देने की कोशिश की थी।
फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

