Ramgarh News : झारखंड के रामगढ़ जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां कुरकुरे खाने के दौरान गले में फंसने से एक मासूम की जान चली गई। यह घटना रजरप्पा थाना क्षेत्र के बड़कीपोना पारडीह गांव की है, जहां बुधवार को साढ़े तीन साल के रेयांश राज की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, रेयांश अपने घर में कुरकुरे खा रहा था। इसी दौरान वह अचानक हिचकियां लेने लगा और गले में कुछ अटकने के कारण उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। उसकी हालत गंभीर होती देख परिजन तुरंत किसी डॉक्टर के पास ले जाने के लिए निकले। रेयांश के पिता सुनील कुमार महतो और मां सोनी देवी बेहद घबराए हुए थे।
लेकिन भारी बारिश के चलते चितरपुर प्रखंड में कोई भी चिकित्सक उपलब्ध नहीं हो सका। मजबूरन वे वापस घर लौट आए। घर पहुंचते ही रेयांश की हालत और खराब हो गई, वह तड़पने लगा और कुछ ही देर में बेहोश हो गया। परिजन आनन-फानन में उसे रामगढ़ सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रेयांश अपने माता-पिता की गोद का सबसे छोटा और चहेता बच्चा था। उसके पिता सुनील का एक और बेटा है, जिसकी उम्र लगभग आठ वर्ष है। लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
यह घटना एक बार फिर से इस ओर इशारा करती है कि छोटे बच्चों को कुरकुरे जैसे तीखे और टेढ़े-मेढ़े खाद्य पदार्थ देने से पहले सावधानी बरती जानी चाहिए। साथ ही इमरजेंसी मेडिकल सुविधा की अनुपलब्धता ने भी इस मासूम की जान लेने में बड़ी भूमिका निभाई।

