koderma news : यूट्यूब पर युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने के नाम फर्जी प्रमाण पत्र व दस्तावेज उपलब्ध कराने वाले एक साइबर ठग को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक कोडरमा अनुदीप सिंह के द्वारा बताया गया कि तिलैया थाना क्षेत्र के पानी टंकी रोड स्थित एक मकान में किराए पर रहने वाले यूट्यूब चैनल के माध्यम से क्लास चलाने वाला ट्यूटर युवाओं को अपने विश्वास में लेकर जालसाजी करते हुए ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहा है। . इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम ने चंदन वर्णवाल के मकान में किराए पर रहने वाले कोडरमा के लोकाई निवासी मुकेश यादव पिता रामचंद्र यादव के कमरे में छापेमारी किया। जहां से पुलिस के द्वारा ऑनलाइन यूट्यूब क्लास के लिए लगाया गया डिजिटल बोर्ड समेत पूरा सेटअप पाया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह 2020 से डिफेन्स -93 नामक यूट्यूब चैनल के माध्यम से छात्रों को कोचिंग देता था।आरोपी ने अपने यूट्यूब चैनल, जिसे 3 लाख से अधिक लोग सब्सक्राइब कर चुके हैं, के माध्यम से बच्चों को सीआरपीएफ, बीएसएफ और अन्य सुरक्षा बलों में नौकरी दिलाने का लालच दिया। वह ऑनलाइन क्लास के जरिए छात्रों को विश्वास में लेकर फर्जी प्रमाण पत्र दिखाता और बड़ी रकम ऐंठता था। वह वीडियो कॉलिंग के जरिए छात्रों को नकली सर्टिफिकेट दिखाकर उन्हें गुमराह करता और पैसे ट्रांसफर करवाता था।
छात्रों से ठगी गए पैसे को आरोपी एक अन्य बैंक खाते में ट्रांसफर करता था, जिससे उन्हें विश्वास हो कि उनके पैसे सही जगह जा रहे हैं। लेकिन दोनों खाते आरोपी के ही थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इस गिरोह के माध्यम से कई छात्र सीआरपीएफ, बीएसएफ और अन्य संस्थानों में नौकरी पा चुके थे। लेकिन दस्तावेज जांच के दौरान जब उनके प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए, तो उन्हें नौकरी से हटा दिया गया। आरोपी के द्वारा सैन्य बहाली में फोर्थ ग्रेड की नियुक्ति में स्कील डवलपमेंट का प्रमाण पत्र अलग-अलग स्ंस्थाओं के नाम पर जारी किया जाता था।
मामले में तिलैया थाना कांड संख्या-47/25 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के ठिकाने से कई महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज जब्त किए हैं।


