मोतिहारी। सुगौली थाने की पुलिस ने गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई कर शनिवार को एक बाइक से 4 किलो चरस के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद चरस का मूल्य अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों रुपए आंकी जा रही है। पुलिस की कार्रवाई थाना क्षेत्र के वनस्पति माई स्थान के पास की गई ।
जानकारी अनुसार सूचना पर थाना अध्यक्ष विवेक जायसवाल के नेतृत्व में एसआई विश्वजीत कुमार सहित पुलिस बल ने वनस्पति माई स्थान के पास बाइक सवारों को रोककर जांच की। जांच में 8 पैकेट में 4 किलो चरस बरामद की गई। इसके बाद बाइक को जब्त करते हुए रक्सौल थाना क्षेत्र के तीन तस्करों विवेक शर्मा ,अनुज कुमार और मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ कर रही है।


