East Champaran :- सुगौली थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 93 किलो गांजा बरामद किया। पुलिस ने एनएच के श्रीपुर के पास संदिग्ध बोलेरो वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें लाखों रुपये मूल्य का गांजा पाया गया। इस कार्रवाई में तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार हुए हैं।
डीएसपी दिलीप कुमार ने बताया कि नेपाल सीमा से सुगौली की ओर बड़ी गांजा खेप लाई जा रही थी, जिसे स्थानीय स्तर पर वितरित किया जाना था। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने वाहन रोककर तलाशी ली और 93 किलो गांजा बरामद किया। साथ ही गांजा तस्करी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इनरवा थाना क्षेत्र के गुदर साह और राजेश साह तथा श्रीपुर निवासी इमरान अंसारी के रूप में की गई है। पूछताछ में पता चला कि यह गांजा नेपाल से लाकर स्थानीय बाजार में सप्लाई किया जाना था। डीएसपी ने संकेत दिया कि इस तस्करी नेटवर्क में कुछ स्थानीय लोगों की संलिप्तता होने की संभावना है, जिसकी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त गुदर साह का पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत आपराधिक रिकॉर्ड है। वह जेल से छूटने के बाद पुनः तस्करी के धंधे में शामिल पाया गया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
इस अभियान में थानाध्यक्ष अनीश कुमार सिंह और अपर थानाध्यक्ष अभिनव राज सहित पुलिस बल तैनात रहा।

