Ranchi News:- झारखंड राज्य के प्रणेता और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन (गुरुजी) को भारत रत्न देने की मांग को लेकर शुक्रवार से नेमरा से रांची तक 86 किलोमीटर लंबी पदयात्रा की शुरुआत हुई। इस पदयात्रा का आयोजन राष्ट्रीय युवा शक्ति के तत्वावधान में किया जा रहा है। पदयात्रा की शुरुआत से पहले नेमरा स्थित गुरुजी के पैतृक आवास पर एक विशेष कार्यक्रम हुआ। इस दौरान शिबू सोरेन की भतीजी रेखा सोरेन ने पदयात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं को उनके घर की पवित्र मिट्टी भेंट की। साथ ही, पैतृक आवास में पौधारोपण भी किया गया।
राष्ट्रीय युवा शक्ति के केंद्रीय अध्यक्ष उत्तम यादव के नेतृत्व में इस पदयात्रा में पहले ही दिन 300 से अधिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। शुक्रवार को यात्रा का पहला चरण नेमरा से प्रारंभ होकर गोला तक पूरा हुआ, जहां रात को विश्राम किया गया।
यह पदयात्रा तीन दिन तक चलेगी और 7 सितंबर को रांची पहुंचकर राजभवन में समाप्त होगी। यात्रा के अंतिम दिन कार्यकर्ता राज्यपाल के माध्यम से देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन सौंपेंगे। इसमें शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की मांग की जाएगी। इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी ज्ञापन और पैतृक घर की पवित्र मिट्टी सौंपी जाएगी।
इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में युवा और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हैं। इनमें प्रमुख रूप से उमेश साहू, सावन लिंडा, नितेश वर्मा, शैलेश नंद तिवारी, रोहित यादव, सोनू गुप्ता, आर्यन मेहता, बबलू करमाली, दिलीप यादव, अमित वर्मा और रौनक सिंह के नाम शामिल हैं।
पदयात्रा के आयोजकों का कहना है कि शिबू सोरेन का झारखंड की अस्मिता और आदिवासी समाज के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। इसलिए उन्हें भारत रत्न जैसे सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया जाना चाहिए।
