Haridwar news:- हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर मार्ग पर रविवार सुबह भगदड़ में 6 लोगों की मौत और 25 से अधिक लोग घायल हैं।घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है और घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा है कि घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है।
कमिश्रनर आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडेय के मुताबिक मनसा देवी मंदिर मार्ग पर आज सुबह करीब साढ़े 9 बजे भगदड़ में 6 लोगों की मौत हो गई है और 12 घायलों को राजकीय जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसडीआरएफ की तीन टीमें मौके पर राहत और बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं।
पुलिस और प्रशासनिक टीमों के साथ एसडीआरएफ की तीन टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुख जताते हुए कहा है कि एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। इस संबंध में निरंतर स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
हादसे के बाद एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल और डीएम मयूर दीक्षित घटनास्थल पर पहुंच कर हालात का जायजा लिया और बाद में अस्पताल में भर्ती मरीजों की स्थिति भी देखी।
बताया जाता है कि मनसा देवी मंदिर मार्ग पर आज सुबह अचानक बिजली का हाई वोल्टेज तार गिरने से अफरातफरी मची जो लगातार बढ़ती गई।
मनसा देवी हादसे पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने शोक व्यक्त किया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज उत्तराखंड के हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर के रास्ते पर हुई भगदड़ में जन क्षति पर शोक व्यक्त किया। हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर के रास्ते में मची भगदड़ में छह लोगों के मरने की पुष्टि हुई है।
राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर के मार्ग में भगदड़ की दुर्घटना में अनेक श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार बहुत पीड़ादायक है। मैं सभी शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं प्रार्थना करती हूं कि घायल हुए सभी श्रद्धालु शीघ्र स्वस्थ हों।”
प्रधानमंत्री ने पोस्ट में लिखा, “हरिद्वार में मंसा देवी मंदिर के रास्ते पर हुई भगदड़ से हुई जनहानि से गहरा दुख हुआ। उन सभी के प्रति मेरी संवेदनाएँ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है।” प्रधान मंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और उल्लेख किया कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की मदद कर रहा है।

