Jamshedpur News:- गोलमुरी थाना क्षेत्र के गाढ़ाबासा में 22 वर्षीय युवक अजय बासा उर्फ झंटू की हत्या का खुलासा लोगों को दहला देने वाला है। पुलिस जांच में सामने आया कि अजय का ही पड़ोसी और मित्र संदीप प्रसाद लंबे समय से तंत्र-मंत्र की साधना कर रहा था और “सिद्धि” पाने के लिए उसने अपने दोस्त की बलि चढ़ा दी। पुलिस ने संदीप, उसके भाई, मां, जीजा और केवलटाउन निवासी मित्र भारत समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि संदीप पिछले तीन साल से इस अमानवीय कृत्य की योजना बना रहा था। सोमवार को उसने भारत के साथ मिलकर बाजार से एक बड़ा लोहे का बक्सा खरीदा और केवलटाउन स्थित किराए के कमरे में रखा। इसके बाद “पार्टी” देने के बहाने उसने अजय को वहां बुलाया। शराब पिलाकर अजय को बेहोश करने के बाद उसके हाथ-पैर बांध दिए और बक्से में बंद कर दिया गया।
रात में संदीप अजय को अपने घर ले आया। वहां तंत्र-मंत्र की साधना शुरू की और मध्यरात्रि के करीब धारदार हथियार से उसका गला रेतकर बलि दे दी। खून को पूजा में चढ़ाया गया और जब अजय तड़पने लगा, तो उसे गली में फेंक दिया गया। पुलिस ने मौके से बक्सा, चाकू और पूजा सामग्री जब्त की है।
पुलिस पूछताछ में संदीप ने स्वीकार किया कि एक साल पहले उसने तंत्र-मंत्र के जरिए अजय के पिता जगदीश बासा की मौत करवाई थी और बाद में उनका होटल भी खरीद लिया। इतना ही नहीं, आरोपित परिवार में पिता और बहन की रहस्यमयी मौतें भी हो चुकी हैं।
इस सनसनीखेज खुलासे ने पूरे इलाके को हिला दिया है। गाढ़ाबासा और आसपास के क्षेत्रों में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस आरोपितों से गहन पूछताछ कर रही है और मामले की हर कड़ी की जांच जारी है।

