Nawada News:- रजौली थाना क्षेत्र के फरका बुजुर्ग पंचायत अंतर्गत जॉब जलाशय के घने जंगलों में छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में अवैध शराब पुलिस ने बरामद की है। रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में बोरे में बंद 400 पाउच शराब जब्त किए गए। वहीं मौके से शराब तस्कर फरार होने में सफल रहे।
थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र को पूरी तरह शराब मुक्त बनाने के लिए अवैध शराब निर्माण और तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में रविवार की सुबह बड़ी खेप छिपाए जाने की सूचना मिली, जिसके बाद एएसआई अमित कुमार, जयप्रकाश चौधरी और सत्येन्द्र प्रसाद तथा सशस्त्र बलों की टीम के साथ छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान जॉब जलाशय के पास घने झाड़ियों के बीच बोरी में भरे शराब के पाउच मिले, जिन्हें जब्त कर थाने लाया गया। बरामद शराब पॉलिथिन पाउच में बंद 1.5 लीटर की मात्रा वाली 400 पैकिंग में मिली है, जिसकी कुल मात्रा लगभग 600 लीटर बताई जा रही है।
थानाध्यक्ष ने कहा कि शराब तस्करों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। जब्त शराब के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
