Devgarh News:- सावन महीने में शिवभक्ति का चरम उत्साह बाबा नगरी देवघर में देखने को मिल रहा है। विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में देश-विदेश से आए लाखों श्रद्धालु जलार्पण कर रहे हैं। नागपंचमी के पावन अवसर पर मंगलवार तड़के 4:06 बजे मंदिर का पट खुलते ही जलार्पण की विधिवत शुरुआत हुई। पूरे मंदिर परिसर और रूट लाइन पर ‘बोल-बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष गूंजते रहे।
श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर की ओर बढ़ रही थीं। हर कोई बाबा बैद्यनाथ के दर्शन को आतुर दिखा। परंपरा के अनुसार, कांवरिया सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा के बाद देवघर पहुंचते हैं और बाबा पर जल चढ़ाकर पुण्य अर्जित करते हैं। यह आस्था का अद्भुत दृश्य हर साल सावन में देखने को मिलता है।
देवघर जिला प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक 38 लाख 74 हजार 899 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण किया है। मंदिर परिसर सुबह से लेकर रात तक भक्तों से गुलजार रहा और वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो गया।
सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन, पुलिस बल और स्वंयसेवक सेवा में जुटे हैं ताकि भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
हर वर्ष सावन में यह धार्मिक आयोजन न सिर्फ झारखंड बल्कि पूरे देश के लिए एक सांस्कृतिक और आस्था का प्रतीक बन चुका है।

