बेगूसराय।

सदर प्रखंड के धबौली पंचायत के नया नगर विष्णु टोला में सोमवार को हुई भीषण अग्निकांड में 250 से अधिक घर जलकर राख हो गए। अगलगी में लगभग 1 करोड़ से अधिक संपत्ति के नुकसान की जानकारी मिली है। अगलगी की सूचना पर प्रशासनिक अधिकारी व पुलिस घटना स्थल पर पहुॅचकर राहत व बचाव कार्य में जुटी है। वही अग्निकांड पर काबू पाने में दमकल को 3 घंटे से अधिक समय लगा।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार एक महिला द्वारा घर में खाना बनाने के दौरान आग लग गई। वहीं तेज पछुआ हवा के कारण देखते देखते ही आग कई घरों को अपने आगोश में ले लिया। अगलगी की सूचना पर आसपास के लोगों ने वहां जुट कर पंपसेट के सहारे आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। साथ ही प्रशासन को भी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल की टीम व स्थानीय लोगों की कोशिशों के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
घटना के बाद प्रभावित परिवारों के पास कुछ भी नहीं बचा। अग्निकांड में नगद आभूषण और कपड़ा समेत 1 करोड़ की संपत्ति जलकर खाक होने की बातें कही गई हैं। इनमें कई घरों में शादी को लेकर सामान इकट्ठा कर रखे गए थे। वहीं कई घरों में वहां के मवेशी भी आग में झुलस कर मर गए। घटना की सूचना पर स्थानीय विधायक राजकुमार सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के लोग वहां पहुंचे। साथ ही उनके द्वारा प्रशासन से बेघर हुए लोगों को अविलंब राहत मुहैया कराने की मांग की गई है।