Ranchi News:- झारखंड सरकार राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने के लिए बड़ा कदम उठाने जा रही है। आगामी 25 सितंबर को राज्य में 200 डॉक्टरों की नियुक्ति होगी। इसमें 100 स्थायी सरकारी डॉक्टर और 100 अनुबंध पर नियुक्त किए जाने वाले डॉक्टर शामिल हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस दिन आयोजित कार्यक्रम में सभी डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने जानकारी दी कि यह अब तक की सबसे बड़ी नियुक्ति प्रक्रिया है। इससे गांव और कस्बों में स्वास्थ्य सेवाओं को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि हाल ही में विभाग ने 91 सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों और 126 संविदा डॉक्टरों की नियुक्ति भी की थी, जिससे राज्य की चिकित्सा व्यवस्था में सुधार आया है।
राज्य में लंबे समय से डॉक्टरों की कमी के कारण ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में इलाज की सुविधा प्रभावित हो रही थी। मंत्री ने कहा कि इन नियुक्तियों के बाद न केवल ग्रामीण बल्कि शहरी स्वास्थ्य ढांचे को भी मजबूती मिलेगी। सरकार ने नए डॉक्टरों को आवश्यक सुविधाएं और सुरक्षा देने की भी व्यवस्था की है।
उन्होंने यह भी बताया कि झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की कोशिश लगातार जारी है और अब अन्य राज्यों से भी डॉक्टर यहां सेवा देने के लिए आगे आ रहे हैं। सरकार का मानना है कि इन प्रयासों से लोगों को गुणवत्तापूर्ण और समय पर इलाज मिल सकेगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले दिनों में राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था और भी बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की यह नई नियुक्ति गांव-गांव तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होगी।

