बेगूसराय।

NCB (नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो) की टीम ने शुक्रवार की देर रात बेगूसराय के मुरली टोल प्लाजा के समीप से गांजा की बड़ी खेप तेल टैंकर से बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। टैंकर से बरामद 13 क्विंटल गांजा की कीमत डेढ़ करोड़ से अधिक बताई गई है। बिहार में बिक्री के लिए यह खेप त्रिपुरा से लाई गई थी। इससे तस्करों में हड़कंप है। मिली जानकारी अनुसार एनसीबी को सूचना मिली थी कि त्रिपुरा से गांजा की बड़ी खेप बेगूसराय के रास्ते वैशाली लाई जा रही है। इस सूचना पर एनसीबी के क्षेत्रीय निदेशक कुमार मनीष के नेतृत्व में जाल बिछाया गया।
एनसीबी की टीम ने एक संदिग्ध टैंकर का पीछा बेगूसराय से किया गया। टीम ने मुरली टोल प्लाजा के नजदीक बछवाड़ा थाने को भी सूचित किया। टैंकर जैसे ही टोल प्लाजा के पास रूकी तो बछवाड़ा थाना अध्यक्ष अजीत कुमार एवं एनसीबी की टीम ने छापा मार दिया। पुलिस छापेमारी में टैंकर से 114 पैकेट में बंद 13 क्विंटल गांजा बरामद किया गया। मौके से वैशाली निवासी चालक राजकुमार यादव , पटना निवासी कल्लू सहनी को गिरफ्तार किया गया। इन लोगों ने बताया कि गांजा त्रिपुरा के अगरतला से वैशाली के दियारा इलाके में ले जाया जा रहा था। बताया गया कि गिरफ्तार दोनों व्यक्ति लंबे समय से गांजा तस्करी में लिप्त रहे हैं। पूर्वी भारत से गांजा लाकर दियारा इलाके में छिपाया जाता था और वहां से कई जगहों पर सप्लाई की जाती थी।