Ramgarh News:- रामगढ़ में इस बार विजयादशमी का पर्व खास होने वाला है। दो अक्टूबर को सिद्धू कान्हू मैदान, बाजार टांड़ में आयोजित रावण दहन समारोह का आकर्षण 110 फीट ऊंचा रावण, 90 फीट का कुम्भकर्ण और 85 फीट का मेघनाथ का पुतला होगा। इन विशालकाय पुतलों को बिहार के कुशल कारीगरों ने तैयार किया है।
सार्वजनिक दशहरा एवं सूरज हॉल समिति द्वारा आयोजित इस भव्य समारोह की तैयारी अंतिम चरण में है। समिति अध्यक्ष एवं बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी और सचिव महावीर अग्रवाल लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।
इस कार्यक्रम में गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी और हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। जबकि विशिष्ट अतिथियों में विधायक रोशन लाल चौधरी, डीसी फैज अक अहमद मुमताज और एसपी अजय कुमार शामिल रहेंगे। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी अनुराग तिवारी, एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद, डीएसपी (मुख्यालय) चंदन कुमार वत्स और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अजमल हुसैन भी मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने मंगलवार देर शाम नगर परिषद के कार्यपालक अधिकारी अजमल हुसैन सिद्धू कान्हू मैदान पहुंचे। उन्होंने समिति के पदाधिकारियों से मुलाकात कर कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। यातायात और पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई ताकि लोगों को कोई परेशानी न हो। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर परिषद की ओर से सुरक्षा और साफ-सफाई की पूरी जिम्मेदारी निभाई जाएगी। इसके लिए सफाईकर्मियों को पहले ही काम में लगा दिया गया है।
हर साल रामगढ़ में दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया जाता है, लेकिन इस बार के आयोजन में विशाल पुतलों और खास मेहमानों की मौजूदगी इसे और भी खास बना रही है। उम्मीद है कि इस भव्य रावण दहन समारोह में हजारों लोग शामिल होकर बुराई पर अच्छाई की जीत का गवाह बनेंगे।

