Chaibasa News:- जिले के नक्सल प्रभावित सारंडा जंगल में मंगलवार सुबह नक्सलियों की कायराना हरकत से एक बार फिर मासूम की जान चली गई। जराईकेला थाना क्षेत्र के दीघा इलाके में नक्सलियों द्वारा पहले से लगाए गए आईईडी में विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में आने से 10 वर्षीय श्रेया हेरेंज की मौके पर ही मौत हो गई। अचानक हुए धमाके से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन के अधिकारी और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे। क्षेत्र को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया गया। प्रारंभिक जांच में यह पुष्टि हुई है कि विस्फोट नक्सलियों की ओर से पहले से बिछाए गए आईईडी के कारण हुआ था।
पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों की गतिविधियों के संकेत पहले से मिल रहे थे। सुरक्षाबलों की आवाजाही में बाधा डालने के उद्देश्य से नक्सलियों ने कई स्थानों पर आईईडी बिछा रखे हैं।
गौरतलब है कि सारंडा जंगल क्षेत्र में इससे पहले भी नक्सली आईईडी विस्फोट में कई ग्रामीणों, पुलिस और सीआरपीएफ जवानों सहित कोबरा बटालियन के सदस्य हताहत हो चुके हैं। यहां तक कि जंगली हाथी भी कई बार नक्सलियों द्वारा लगाए गए बम की चपेट में आ चुके हैं।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र में सर्च अभियान तेज कर दिया है।

