Palamu News:- झारखंड के पलामू में पुलिस ने उग्रवादी संगठन तृतीय प्रस्तुति कमिटी (टीएसपीसी) से जुड़े दो कुख्यात नक्सलियों—सबजोनल कमांडर शशिकांत उर्फ सुदेश जी और मुखदेव यादव उर्फ तूफानी जी—के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों नक्सलियों के घरों पर गुरुवार को इश्तेहार चिपकाया गया है, जिसमें उन्हें आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई है।
शशिकांत पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित है और वह लंबे समय से पुलिस को चकमा देता आ रहा है। कोर्ट से जारी आदेश के बाद तरहसी थाना के अवर निरीक्षक मानिंद्र शर्मा ने पुलिस बल के साथ शशिकांत के केदल गांव और मुखदेव के मनातू थाना क्षेत्र स्थित सोहेमीटार गांव में उनके घरों और सार्वजनिक स्थलों पर इश्तेहार चिपकाया।
गौरतलब है कि 2 मई 2025 को तरहसी थाना क्षेत्र के सिंजो महुवरी जंगल में पुलिस और टीएसपीसी नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान दोनों ओर से करीब डेढ़ से दो सौ राउंड गोलियां चली थीं। पुलिस का दबाव बढ़ते देख शशिकांत और उसके साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए थे। इस दस्ते में शशिकांत के अलावा नगीना, गौतम, मुखदेव समेत दर्जनभर नक्सली शामिल थे।
पुलिस की ओर से इस अभियान में एएसपी (अभियान) राकेश कुमार, तरहसी थाना प्रभारी नीरज कुमार, पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन, मनातू थाना प्रभारी निर्मल उरांव और एएसआई अमलेश कुमार शामिल थे।
अब पुलिस ने अगली कार्रवाई की चेतावनी दी है—अगर दोनों नक्सली आत्मसमर्पण नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ कुर्की जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

