Chaibasa News:- झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। रविवार की सुबह चाईबासा जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के रेलापराल गांव स्थित बुरजूवा पहाड़ी पर हुई मुठभेड़ में 10 लाख का इनामी नक्सली मारा गया। जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इस इलाके में नक्सलियों की आवाजाही देखी गई है। सूचना के आधार पर चाईबासा पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने रविवार तड़के सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान सुरक्षाबलों की मौजूदगी का आभास होते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए गोलियां चलाईं।
करीब कई घंटों तक चली मुठभेड़ में भाकपा (माओवादी) का जोनल कमांडर अमित हांसदा उर्फ अपटन मारा गया। उस पर राज्य सरकार ने 10 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों ने नक्सली का शव और हथियार बरामद किए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सली कमांडर की मौत नक्सली संगठन के लिए बड़ी चोट है। इस ऑपरेशन से संगठन की गतिविधियों पर रोक लगेगी और इलाके में नक्सलियों का मनोबल टूटेगा। हालांकि, मुठभेड़ के दौरान बाकी नक्सली घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
घटना के बाद इलाके में सघन सर्च अभियान जारी है। सुरक्षाबलों ने चारों ओर से घेराबंदी कर रखी है ताकि फरार नक्सलियों को भी पकड़ा जा सके। चाईबासा के एसपी राकेश रंजन ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए कहा कि अतिरिक्त बल मौके पर भेजा गया है और जंगल में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
यह मुठभेड़ झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी सफलता मानी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां मान रही हैं कि इससे इलाके में शांति बहाली और आम लोगों का विश्वास मजबूत होगा।

