Palamu News:- झारखंड के पलामू जिले में हाथियों का आतंक एक बार फिर जानलेवा बन गया। सतबरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत रबदा पंचायत के सलैया गांव में मंगलवार को बकरी चरा रही एक अधेड़ विधवा महिला को हाथियों के झुंड ने कुचलकर मार डाला। मृतका की पहचान 52 वर्षीय समुद्री कुंवर के रूप में हुई है।
घटना के समय गांव की ही पानो कुंवर भी साथ में थीं, जो किसी तरह भागकर अपनी जान बचा पाईं। जानकारी के अनुसार, समुद्री कुंवर और पानो कुंवर घर के पास बकरी चरा रही थीं, तभी दो बड़े हाथी और एक बच्चा हाथी वहां पहुंचा। हाथियों ने समुद्री कुंवर को घेर लिया, जिसके बाद महिला ने जान बचाने के लिए नाले में छलांग लगाई। लेकिन हाथी पानी में घुस आए और उसे पटक-पटक कर मार डाला।
चीख-पुकार सुनकर पानो कुंवर किसी तरह जान बचाकर वहां से भागीं और गांव वालों को सूचना दी। ग्रामीणों के जुटने पर हाथी औरंगा नदी पार कर जंगल की ओर चले गए।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के रेंजर ठाकुर पासवान और सतबरवा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। रेंजर ने मृतका के पुत्र को तत्काल 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी और आश्वस्त किया कि आगे आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद 3.5 लाख रुपये का मुआवजा भी मिलेगा।
स्थानीय प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने बताया कि यह क्षेत्र बेतला नेशनल पार्क से सटा है, जहां हाथियों का आतंक हमेशा बना रहता है।
पूर्व मुखिया शंभू उरांव और सामाजिक कार्यकर्ता धीरज कुमार ने प्रशासन से मांग की है कि हाथियों की बढ़ती हिंसा पर रोक लगाने के लिए जल्द प्रभावी कदम उठाए जाएं।

