Ranchi News:- राजधानी रांची के सदर अस्पताल में एक मरीज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद गुरुवार को परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। मरीज के परिवार वालों ने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा और लोगों को शांत करने की कोशिश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार चुटिया थाना क्षेत्र के रहने वाले उमेश साहू बुधवार शाम को सदर अस्पताल पहुंचे थे, जहां उनका इलाज डॉक्टर अभिषेक रंजन की देखरेख में चल रहा था। डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के आधार पर मरीज में ब्लड कैंसर, खासकर मायेलॉयड ल्यूकीमिया के लक्षण होने की आशंका जताई थी और आगे की जांच कराने की सलाह दी थी।
परिजनों का आरोप है कि बुधवार रात मरीज का बुखार काफी बढ़ गया था, लेकिन वार्ड में रात 11 बजे तक थर्मामीटर तक उपलब्ध नहीं कराया गया। कई बार आग्रह करने के बावजूद रात में कोई डॉक्टर मरीज को देखने नहीं आया। गुरुवार सुबह नर्स द्वारा लगाए गए तीन इंजेक्शन के कुछ ही देर बाद मरीज की मौत हो गई, जिसके बाद परिवार आक्रोशित हो उठा।
परिजनों का यह भी कहना है कि डॉक्टरों ने जांच रिपोर्ट आने के बाद ही उपचार तय करने की बात कही थी, लेकिन मरीज की गंभीर हालत से जुड़ी कोई जानकारी उन्हें समय रहते नहीं दी गई। उनका दावा है कि मरीज की हालत अचानक बिगड़ने की खबर उन्हें मृत्यु के बाद ही मिली।
इधर, मामले पर अस्पताल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट डॉ. बिमलेश सिंह ने बताया कि मरीज शुरू से ही गंभीर अवस्था में था और ब्लड कैंसर जैसी बीमारियों में अचानक स्थिति खराब होना आम बात है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

