Purnia News: जिले के डगरुआ थाना क्षेत्र में एक 18 वर्षीय युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। घटना विश्वासपुर स्थित NH-31 किनारे नमस्कार होटल के पीछे की बताई जा रही है, जहां युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। मृतका की पहचान खुशी कुमारी के रूप में हुई है, जो चतरा गांव की रहने वाली थी।
परिजनों के अनुसार, युवती 11 मार्च की रात करीब 11:30 बजे घर से निकली थी, जिसके बाद वह लापता हो गई। परिवार ने पहले ही थाने में उसकी गुमशुदगी की सूचना देकर खोजबीन की मांग की थी। आरोप है कि युवती को प्रेम जाल में फंसाकर गांव से बुलाया गया और चार युवकों ने उसके साथ कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद हत्या कर दी।
पुलिस जांच के दौरान मोबाइल चैट और व्हाट्सऐप मैसेज के आधार पर मामले की कड़ियां जुड़ने की बात सामने आई है। इसी क्रम में एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया गया, जिसकी निशानदेही पर कथित तौर पर शव बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में यह भी आशंका जताई जा रही है कि साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को जलाने की कोशिश की गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और आक्रोशित लोगों ने करीब 4 से 5 घंटे तक NH-31 को जाम कर दिया। इससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। बाद में पूर्णिया से पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज, पूर्णिया भेज दिया है। परिजनों ने चार युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के सभी पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।

