Ranchi News:- झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा है कि 6 सितंबर से राज्य के कई हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की भी संभावना जताई गई है। विभाग ने इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। बीच-बीच में हल्की बारिश भी दर्ज की गई। पिछले तीन से चार दिनों से लगातार हो रही बारिश ने आम जनजीवन को प्रभावित कर रखा था। कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रही, वहीं किसानों के लिए यह बारिश फायदेमंद भी साबित हो रही है।
पिछले 24 घंटे के दौरान तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखा गया। राज्य में सबसे अधिक तापमान गोड्डा में 35.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान लातेहार में 20.3 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं, जमशेदपुर में 31 डिग्री, डाल्टनगंज में 31.8 डिग्री, बोकारो में 31.5 डिग्री और चाईबासा में अधिकतम 30.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक राज्य में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। हालांकि, बारिश के चलते तापमान में गिरावट होगी और मौसम सुहावना बना रहेगा। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है, खासकर आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान खुले में खड़े न रहने और सुरक्षित स्थान पर शरण लेने की सलाह दी गई है।

