Jamshedpur News:- पूर्वी सिंहभूम जिले के बिरसानगर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर अपराधियों ने दिनदहाड़े 10 लाख रुपये की बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया। बेखौफ अपराधी एक ठेकेदार के दफ्तर में घुसे और रुपयों से भरा बैग लूटकर हवा में फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार अपराधियों की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, तीन हथियारबंद अपराधी शहर के केनरा बैंक के पास स्थित टाटा कमिंस और टाटा मोटर्स के ठेकेदार ए.पी. सिंह की कंपनी पीकेएस एंटरप्राइजेज के कार्यालय में घुस गए। बदमाशों ने बंदूक की नोक पर कर्मचारियों से लगभग 10 लाख रुपये लूट लिए।
बताया गया कि दोपहर में जब तीनों अपराधी बाइक से ऑफिस पहुंचे, उस समय कार्यालय में दो कर्मचारी लेबर पेमेंट के लिए नकदी की गिनती कर रहे थे। तभी बदमाशों ने उन पर बंदूक तान दी और कैश से भरा बैग छीन लिया। लूट के बाद अपराधियों ने फरार होते समय हवाई फायरिंग की, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की है, जिसमें तीनों बदमाश बाइक से फरार होते हुए नजर आ रहे हैं।
फिलहाल पुलिस लुटेरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चला रही है। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने दिनदहाड़े हुई लूट पर पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।