Ramgarh News:- । पुष्पा राज मूवी से इंस्पायर होकर शराब तस्करों ने अब नया तरीका अपनाना शुरू कर दिया है। जिस तरह फिल्म में चंदन की लकड़ी की तस्करी दूध के टैंकर के अंदर छुपाकर की जाती थी, उसी अंदाज में रामगढ़ में नकली शराब की सप्लाई हो रही थी। पुलिस ने रविवार देर रात कोठार गांव के पास जब एक पिकअप वैन को रोका तो उसमें चदरा के नीचे छिपाई गई लाखों रुपये की नकली शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार भी किया है।
गुप्त सूचना पर कार्रवाई
थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि एक पिकअप वैन (संख्या JH 03 AS 0790) से शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर जब गाड़ी को राष्ट्रीय राजमार्ग-23 पर रोका गया तो चालक भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने पीछा कर गाड़ी को पकड़ा। तलाशी लेने पर शुरुआत में केवल प्लास्टिक के कैरेट दिखाई दिए, लेकिन जब कैरेट हटाकर डाला का चदरा उठाया गया तो उसके नीचे लाखों की नकली शराब की बोतलें छुपी मिलीं।
फिल्मी अंदाज में बनाया गया बॉक्स
गाड़ी के डाला में बॉक्स बनाकर उसे चदरा से सील किया गया था, ताकि किसी को शक न हो। ऊपर से खाली सब्जी वाले कैरेट भर दिए गए थे। बाहर से देखने पर ऐसा लग रहा था मानो गाड़ी खाली जा रही हो। लेकिन पुलिस की सतर्कता ने इस चालाकी को नाकाम कर दिया।
शातिर तरीका: ड्राइवर को नहीं दिखाते ठिकाना
जांच में खुलासा हुआ कि नकली शराब कारोबारी अपने ठिकाने को छुपाने के लिए बेहद शातिर तरीके से काम कर रहे हैं। वे ड्राइवर और खलासी को लगभग 10 किलोमीटर पहले ही मेन रोड के होटल पर रुकवा देते हैं। इसके बाद उनका आदमी गाड़ी लेकर ठिकाने पर जाता है और शराब लोड करने के बाद दोबारा मेन रोड पर ही ड्राइवर और खलासी को गाड़ी हैंडओवर कर देता है। ऐसे में पुलिस के पकड़े जाने पर भी ड्राइवर या खलासी से ठिकाने की जानकारी नहीं मिल पाती।
बिहार भेजी जानी थी खेप
बरामद शराब की खेप बिहार में खपाने की योजना थी। पुलिस ने तस्करों से पूछताछ शुरू कर दी है और नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
